देवास। निगमायुक्त दलीप कुमार के निर्देश पर नगर निगम द्वारा शहर में बड़े बकायेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान के तहत उपायुक्त दिपक पटेल, राजस्व निरीक्षक अनुभुती श्रीवास्तव सहित नगर निगम की टीम ने शहरभर में संपत्ति कर व जलकर की बड़ी राशि के बकायेदारों के यहां पहुंचकर कुर्की की कार्रवाई की और मौके पर ही बकाया राशि जमा कराई।
कार्रवाई के दौरान कई बड़े व्यापारियों द्वारा बकाया राशि जमा नहीं करने पर दुकानें सील करने की प्रक्रिया भी अपनाई जा रही है। इसके साथ ही लाइसेंस नहीं पाए जाने पर भी संबंधित प्रतिष्ठानों पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। नगर निगम का स्पष्ट कहना है कि बकाया कर जमा नहीं करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्ती जारी रहेगी।
उपायुक्त दिपक पटेल ने कहा कि नगर निगम द्वारा राजस्व वसूली को लेकर यह अभियान लगातार जारी रहेगा। बकायेदार स्वयं आगे आकर अपने संपत्ति कर व जलकर की राशि समय पर जमा करें, अन्यथा नियमानुसार कुर्की व सीलिंग जैसी कठोर कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम शहर के समस्त करदाताओं व व्यापारियों से अपील करता है कि वे अपने बकाया संपत्ति कर, जलकर एवं लाइसेंस शुल्क शीघ्र जमा करें, ताकि अनावश्यक कार्रवाई से बचा जा सके और शहर के विकास कार्यों में सहयोग मिल सके।