कसरावद। आगामी सिंहस्थ पर्व की तैयारियों को लेकर बुधवार को कलेक्टर भव्या मित्तल ने कसरावद के नर्मदा क्षेत्र एवं नगर के विभिन्न प्रमुख स्थलों का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण की शुरुआत कन्या शाला ग्राउंड से हुई, जहाँ उन्होंने व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके पश्चात वे मेला ग्राउंड एवं कॉलेज परिसर पहुँचीं और सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, स्वच्छता तथा मूलभूत सुविधाओं की सुदृढ़ व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नर्मदा किनारे की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। नावडाटोडी क्षेत्र में पहुँचकर उन्होंने सीईओ रीना किराडे को श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। नर्मदा तट पर पर्याप्त संख्या में चेंजिंग रूम एवं शौचालयों की समुचित व्यवस्था करने, स्वच्छता बनाए रखने तथा सुव्यवस्थित प्रबंधन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, सुविधा और सुव्यवस्था ही सिंहस्थ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन की सफलता की आधारशिला हैं। इस दौरान पत्रकारों द्वारा नल-जल योजना को लेकर पूछे गए प्रश्नों पर कलेक्टर ने विस्तृत जानकारी दी तथा समीक्षा बैठक में नगर के सभी खुले कुओं एवं पेयजल स्रोतों को ढकने और व्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए।निरीक्षण के समय एसडीएम सत्येंद्र बेरवा, सीईओ रीना किराडे, तहसीलदार कैलाश डाबर एवं थाना प्रभारी राजेंद्र बर्मन उपस्थित रहे।