नीमच। फसल में आग लगने से नुकसान झेल रहे किसानों को राहत देते हुए एसडीएम नीमच पराग जैन ने राजस्व पुस्तक परिपत्र भाग-6(4) के तहत 56 हजार 550 रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम दारू निवासी कृषक दीपक, दिनेश पिता रमेशचंद्र एवं चांदी बाई बेवा रमेशचंद्र की ग्राम सेमार्डा स्थित सर्वे नंबर 132 की भूमि पर बोई गई गेहूं की फसल अज्ञात कारणों से आग लगने से प्रभावित हो गई थी। आगजनी की घटना में लगभग 1.95 हेक्टेयर क्षेत्र में खड़ी गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई।
राजस्व विभाग द्वारा किए गए सर्वे एवं प्रतिवेदन के आधार पर 50 प्रतिशत से अधिक सिंचित फसल क्षति पाए जाने पर शासन के नियमानुसार 29 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर की दर से कुल 56 हजार 550 रुपये की अनुदान सहायता स्वीकृत की गई है।
यह आर्थिक सहायता प्रभावित किसानों को फसल नुकसान की भरपाई एवं राहत प्रदान करने के उद्देश्य से दी गई है।