मंदसौर। कृषि उपज मंडी में लंबे समय से चली आ रही अव्यवस्था और हालिया अनिश्चितकालीन बंदी के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने 19 जनवरी 2026 (सोमवार) को प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। प्रदर्शन मंडी के मुख्य द्वार पर शांतिपूर्ण रूप से किया जाएगा, जिसके बाद जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेन्द्र सिंह गुर्जर ने बताया कि मंडी बंद रहने से किसानों, व्यापारियों और हम्मालों को भारी नुकसान हो रहा है और हजारों परिवारों की आजीविका प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की प्रमुख मंडियों में शामिल मंदसौर मंडी प्रशासनिक लापरवाही के कारण लंबे समय से बंद पड़ी है, जिससे शहर की आर्थिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं। कांग्रेस ज्ञापन के माध्यम से मंडी को तुरंत खोलने, अव्यवस्थाएं दूर करने, हुए नुकसान की भरपाई करने और भविष्य में ऐसी स्थिति न बने इसके लिए प्रभावी व्यवस्था व सुरक्षा की मांग करेगी। गुर्जर ने चेतावनी दी कि यदि मंडी शीघ्र नहीं खोली गई तो कांग्रेस आंदोलन जारी रखेगी।