नीमच। कृषि उपज मंडी में लहसुन व्यापारियों ने यूट्यूबरों द्वारा मंडी को लेकर कथित रूप से भ्रामक और आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित किए जाने के विरोध में आज बुधवार को 15 मिनट के लिए सांकेतिक रूप से नीलामी कार्य बंद रखा। इस दौरान व्यापारियों ने मंडी सचिव को ज्ञापन सौंपकर संबंधित यूट्यूबरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

व्यापारियों का कहना है कि कुछ यूट्यूबर सोशल मीडिया पर मंडी की कार्यप्रणाली को गलत तरीके से प्रस्तुत कर रहे हैं, जिससे मंडी और व्यापारियों की छवि धूमिल हो रही है। उन्होंने मंडी प्रशासन से मांग की कि ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि मंडी की प्रतिष्ठा बनी रहे।

व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन को और तेज करने पर मजबूर होंगे।
