मंदसौर। विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर मंदसौर जिले में जल संरक्षण एवं जल संवर्धन अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन द्वारा एक भव्य एवं वृहद कार्यशाला का आयोजन कुशाभाऊ ठाकरे ऑडिटोरियम में किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित जनसमूह ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए एक साथ स्व-गणना प्रपत्र भरकर जागरूकता का संदेश दिया। इस दौरान सत्येंद्र राठौर द्वारा स्व गणना के संबंध प्रशिक्षित भी किया।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर गर्ग ने उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि स्व-गणना (Self Enumeration) की प्रक्रिया अत्यंत सरल, सुरक्षित एवं गोपनीय है। उन्होंने बताया कि नागरिक अपनी सुविधा अनुसार किसी भी समय ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना फॉर्म भर सकते हैं। यह पहल न केवल जनगणना प्रक्रिया को सशक्त बनाएगी, बल्कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी सुनिश्चित करेगी।
कलेक्टर ने जानकारी दी कि मंदसौर जिले ने इस दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए अब तक 19,000 परिवारों द्वारा स्व-गणना प्रपत्र भरवाए हैं, जिससे जिला मध्य प्रदेश में प्रथम स्थान पर पहुंच गया है। यह उपलब्धि जिले के जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे स्व-गणना पोर्टल पर जाकर अपने घर के स्थान (लोकेशन) को चिन्हित कर स्वयं यह प्रक्रिया पूर्ण करें और इस अभियान को सफल बनाने में योगदान दें।