पिछोर। शिवपुरी जिले के पिछोर थाना क्षेत्र के कमालपुर गांव में एक युवक की करंट लगने से मौत के बाद विवाद खड़ा हो गया। मृतक के परिजनों ने मौत को हादसा मानने से इनकार करते हुए गांव के कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया। नाराज परिजनों ने शव को पिछोर थाने के सामने रखकर करीब तीन घंटे तक चक्का जाम किया, जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस के अनुसार युवक डीजे बैंड के काम से जुड़ा था और अपने डीजे वाहन पर वेल्डिंग का कार्य कर रहा था। इसी दौरान उसे करंट लग गया। उसके साथी तत्काल इलाज के लिए झांसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं मृतक के पिता का आरोप है कि गांव के कुछ लोग उनके बेटे को खेत में दवाई का छिड़काव कराने के बहाने घर से ले गए थे और वहीं करंट लगाकर उसकी हत्या कर दी। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है।
थाना प्रभारी नीतू सिंह ने परिजनों को समझाते हुए कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि परिजन इस आश्वासन से संतुष्ट नहीं हुए और हत्या का प्रकरण दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। वहीं चक्का जाम के कारण क्षेत्र में यातायात लंबे समय तक प्रभावित रहा।