नीमच। पवित्र श्रावण मास के अवसर पर भारतीय डाक विभाग ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गंगोत्री से लाया गया पैक गंगाजल मंदसौर एवं नीमच जिले के सभी प्रधान डाकघरों तथा उप डाकघरों में उपलब्ध कराया है। 250 मिलीलीटर की पैकिंग में गंगाजल मात्र 30 रुपये में उपलब्ध होगा।
श्रावण मास के दौरान प्रत्येक सोमवार को श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदसौर स्थित भगवान पशुपतिनाथ मंदिर परिसर, नीमच स्थित किलेश्वर महादेव मंदिर परिसर, भानपुरा स्थित छोटा महादेव एवं बड़ा महादेव मंदिर परिसर, रामपुरा स्थित केदारेश्वर महादेव मंदिर परिसर तथा कुकड़ेश्वर स्थित सहस्त्रमुखेश्वर महादेव मंदिर परिसर में भारतीय डाक विभाग द्वारा अस्थायी कैंप, काउंटर एवं स्टॉल लगाए जाएंगे। इन केंद्रों से श्रद्धालु आसानी से पवित्र गंगाजल प्राप्त कर सकेंगे।
भारतीय डाक विभाग द्वारा बताया गया है कि श्रावण मास के अन्य कार्य दिवसों में यह सुविधा मंदसौर एवं नीमच जिले के सभी विभागीय डाकघरों में उपलब्ध रहेगी। विभाग ने श्रद्धालुओं से इस विशेष सेवा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है, ताकि वे घर के निकट ही गंगोत्री का पवित्र गंगाजल प्राप्त कर भगवान शिव के अभिषेक एवं पूजन-अर्चन में उसका उपयोग कर सकें।