चित्तौड़गढ़। गांधीनगर स्थित बागलेश्वर महादेव परिसर में संचालित बालाजी प्रशिक्षण संस्थान में गुरु पूर्णिमा पर्व पारंपरिक उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान भगवान हनुमान, अखाड़ा एवं शस्त्रों का विधि-विधान से पूजन किया गया। इसके बाद पहलवानों ने अपने गुरु का सम्मान कर आशीर्वाद प्राप्त किया और शस्त्र प्रदर्शन कर अपनी कला का प्रदर्शन किया।
संस्थान के सचिव कमलेश गुर्जर ने बताया कि संस्थान में पिछले पांच वर्षों से लगातार गुरु पूर्णिमा महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष भी धूप, दीप, पुष्प और महाआरती के साथ हनुमान जी की पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद अखाड़ा एवं शस्त्र पूजन कर सभी पहलवानों ने अपने गुरु कमलेश गुरु को माल्यार्पण कर चरण वंदन किया।
कार्यक्रम में पहलवानों द्वारा पारंपरिक शस्त्र प्रदर्शन किया गया, जिसने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। समापन पर सभी श्रद्धालुओं और अतिथियों को खीर का प्रसाद वितरित किया गया।
अपने संबोधन में गुरु कमलेश गुर्जर ने पहलवानों को अनुशासन, नियमित अभ्यास तथा माता-पिता और गुरुजनों के सम्मान का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गुरु के बताए मार्ग पर चलकर ही जीवन में सफलता प्राप्त की जा सकती है।
इस अवसर पर व्यायामशाला के प्रशिक्षकों, पहलवानों, समाजसेवियों एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम श्रद्धा, परंपरा और भारतीय अखाड़ा संस्कृति के उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।