नीमच। शहर के नागौरी पेट्रोल पंप पर शुक्रवार को एक कार के कथित रूप से मासूम बच्ची के पैर से टकरा जाने के बाद विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घटना में अमावली महल निवासी गजेंद्र सिंह के सिर पर चोट आई है। पुलिस ने कार चालक को राउंडअप कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गजेंद्र सिंह अपनी मोटरसाइकिल में पेट्रोल भरवाने के लिए नागौरी पेट्रोल पंप पहुंचे थे। उनके साथ उनकी छोटी बच्ची भी थी। इसी दौरान एमपी-13-एएच-0661 नंबर की अर्टिगा कार, जिस पर ष्मध्यप्रदेश शासन आयकर विभागष् लिखा हुआ था, वहां पहुंची। गजेंद्र सिंह एवं प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार का पहिया उनकी बच्ची के पैर से टकरा गया। उनका आरोप है कि कार के शीशे बंद होने और चालक के बातचीत में व्यस्त होने के कारण आवाज लगाने के बावजूद वाहन नहीं रुका।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बच्ची को सुरक्षित हटाने के प्रयास में कार का आगे का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई।
गजेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि कार चालक तनवीर उर्फ पिंकू ने हाथ में पहने कड़े से उन पर हमला कर दिया, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोट आई। घटना के बाद मौके पर दोनों पक्षों के बीच हाथापाई भी हुई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक सहित संबंधित लोगों को थाने ले गई। वहीं, घायल गजेंद्र सिंह एवं उनकी बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि मामला जांच के अधीन है तथा उपलब्ध साक्ष्यों एवं दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।