चित्तौड़गढ़। पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव ने पुलिस लाइन परिसर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त वातानुकूलित लाइब्रेरी एवं सामुदायिक भवन का विधिवत लोकार्पण किया। यह पहल पुलिस कर्मियों के कल्याण एवं उनके समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि बुधवार को आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान आईजी श्रीवास्तव ने फीता काटकर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर दोनों सुविधाओं का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड (यूनिट आदित्य सीमेंट वर्क्स, चित्तौड़गढ़) के यूनिट हेड उत्तम राय के सहयोग से निर्मित वातानुकूलित लाइब्रेरी का शुभारंभ किया गया। यह लाइब्रेरी पुलिस कर्मियों एवं उनके परिवारजनों को समर्पित है, जहां अध्ययन के लिए अनुकूल वातावरण, संदर्भ सामग्री, समाचार-पत्र एवं प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं।
इसी क्रम में हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड, चित्तौड़गढ़ के लोकेशन हेड आलोक रंजन के सहयोग से निर्मित सामुदायिक भवन का भी लोकार्पण किया गया। यह भवन पुलिस कर्मियों के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारिवारिक आयोजनों के लिए उपयोगी रहेगा।
अपने संबोधन में आईजी श्रीवास्तव ने कहा कि पुलिस कर्मियों के कल्याण एवं उनके परिवारों के विकास के लिए इस प्रकार की आधारभूत सुविधाएं अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि सकारात्मक कार्य वातावरण से पुलिस बल की कार्यक्षमता एवं मनोबल में वृद्धि होती है, जिससे आमजन को बेहतर पुलिस सेवाएं प्राप्त होती हैं।
उन्होंने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत सहयोग देने पर अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड एवं हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यों में सहभागिता बनाए रखने की अपेक्षा जताई।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह, पुलिस उप अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ।