नीमच। शहर के जूना बघाना क्षेत्र में वाहन में तोड़फोड़ और लगातार मिल रही जान से मारने की धमकियों से एक परिवार भय के माहौल में जी रहा है। पीड़ित अजय पाटीदार ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अजय पाटीदार के अनुसार उनके घर के बाहर खड़े निजी वाहन पर क्षेत्र के कुछ लोगों ने पत्थरों से हमला कर नुकसान पहुंचाया। घटना में वाहन के कांच टूट गए तथा अन्य हिस्सों को भी क्षति पहुंची। मौके से शराब की बोतलें भी मिली हैं, जिससे घटना के समय आरोपियों के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है।
शिकायत में यह भी बताया गया है कि इससे पूर्व भी आरोपियों द्वारा नशे की हालत में बिंदोरी पर गंदा पानी फेंकने की घटना हुई थी, जिसका वीडियो साक्ष्य मौजूद है और इस संबंध में पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज किया जा चुका है। इसके बावजूद आरोपियों के हौसले और बढ़ गए हैं।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपी खुलेआम धमकियां दे रहे हैं तथा अपनी राजनीतिक पहुंच का हवाला देकर झूठे मामलों में फंसाने और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इससे परिवार में भय का माहौल बना हुआ है और किसी भी अनहोनी की आशंका बनी हुई है।
अजय पाटीदार ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिनों के भीतर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो वे परिवार सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने धरना देने को बाध्य होंगे।