चित्तौड़गढ़। जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने गुरुवार को कपासन उपखंड क्षेत्र के सिंहपुर स्थित नर्सरी, निंबाहेड़ा क्षेत्र की गौरानाथ गौशाला एवं कपासन उप जिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर रात्रि चौपाल हेतु निंबाहेड़ा जाते समय सिंहपुर नर्सरी पहुंचीं। यहां उन्होंने ग्राम पंचायत की आय बढ़ाने के उद्देश्य से फलदार एवं छायादार पौधों के अधिकाधिक रोपण के निर्देश ग्राम पंचायत सचिव एवं विकास अधिकारी को दिए।
निंबाहेड़ा क्षेत्र में गौरानाथ गौशाला का निरीक्षण करते हुए उन्होंने परिसर में छायादार वृक्ष लगाने तथा गौशाला के माध्यम से आय के स्रोत विकसित करने के निर्देश गौशाला समिति को दिए, जिससे व्यवस्थाएं और सुदृढ़ हो सकें।
चिकित्सालय का निरीक्षण
कपासान उप जिला चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने आपातकालीन कक्ष, लेबर रूम, डिलीवरी रूम सहित अन्य व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने दीवार में आए क्रैक को गंभीरता से लेते हुए उपखंड अधिकारी एवं चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया कि वर्षा ऋतु से पूर्व इसकी मरम्मत सुनिश्चित की जाए। साथ ही अस्पताल में साफ-सफाई, पेयजल, वेंटिलेशन एवं गर्मी के मद्देनज़र आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात जिला कलक्टर ने कपासन पंचायत समिति सभागार में ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सड़क, पेयजल सहित केंद्र एवं राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं का लाभ आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंचे तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
बैठक में कपासन नगर पालिका क्षेत्र में छात्र-छात्राओं के लिए आधुनिक लाइब्रेरी स्थापित करने हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
इस दौरान सीईओ जिला परिषद विनय पाठक, उपखंड अधिकारी राजेश सुवालका, तहसीलदार, विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।