शाजापुर। शासन की मंशानुसार एवं कलेक्टर ऋजु बाफना के निर्देशानुसार महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (हायर सेकेंडरी), शाजापुर में छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य एवं करियर मार्गदर्शन के उद्देश्य से करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जिला रोजगार अधिकारी नवीन मिश्रा ने बताया कि जिला रोजगार कार्यालय के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में मनोविज्ञान एवं विषय विशेषज्ञों द्वारा छात्राओं को विभिन्न करियर विकल्पों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। विशेषज्ञों ने शिक्षण, शारीरिक शिक्षा (खेल), उच्च शिक्षा, रचनात्मक लेखन, इंजीनियरिंग एवं तकनीकी शिक्षा सहित विज्ञान वर्ग से संबंधित मेडिकल एवं पैरामेडिकल क्षेत्रों जैसे डॉक्टर, नर्स और फार्मासिस्ट के रूप में करियर की संभावनाओं से अवगत कराया।
इसके साथ ही प्रशासनिक सेवाओं, रेलवे, लिपिकीय सेवाओं तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में समय प्रबंधन के महत्व पर भी छात्राओं का मार्गदर्शन किया गया। तकनीकी क्षेत्र में कंप्यूटर, प्रोग्रामिंग, आईटीआई, पॉलिटेक्निक एवं इंजीनियरिंग से संबंधित अवसरों की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने सकारात्मक सोच, मनोदशा प्रबंधन तथा आत्मविश्वास के महत्व पर संवाद करते हुए छात्राओं को स्वयं का व्यवसाय स्थापित करने के लिए भी प्रेरित किया। डेयरी, होजरी शॉप सहित विभिन्न स्वरोजगार के विकल्पों एवं शासन की रोजगारोन्मुखी योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई।
कार्यक्रम में प्रभारी प्राचार्य पूनम त्रिवेदी, करियर काउंसलिंग प्रभारी बीएल गुवाटिया, काउंसलर वैभव जैन, सज्जाद अहमद कुरैशी, डॉ. सुनील आडवानी, डॉ. कपिल जाटव, प्रीति मिश्रा, भारती शर्मा, मंजुला शितोले, भारती सोनी, संगीता अग्रवाल एवं विद्याधर पंवार सहित विद्यालय का स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।