सरवानिया महाराज। नगर में आवारा सांडों के आतंक से आमजन परेशान हैं। कई बार सांडों के आपसी संघर्ष में दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों को नुकसान पहुंचने के साथ राहगीरों की जान भी जोखिम में पड़ जाती है। इसी बीच एक नंदी (सांड) पिछले करीब एक पखवाड़े से शासकीय माध्यमिक एकीकृत विद्यालय के मुख्य द्वार एवं आसपास के गली-मोहल्लों में विचरण कर रहा था, जिससे स्थानीय लोगों और स्कूली बच्चों में भय का माहौल बना हुआ था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सांड के आसपास से गुजरने वाले लोगों को वह मारने के लिए दौड़ पड़ता था। इससे विद्यालय आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय रहवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। समस्या बढ़ने पर मोहल्लेवासियों ने गौ सेवकों को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही गौ सेवकों ने गुरुवार को कड़ी मेहनत और मशक्कत के बाद सांड को सुरक्षित पकड़कर वाहन के माध्यम से श्रीनाथ गौशाला, कुण्डला पहुंचाया, जहां उसे सकुशल छोड़ा गया।
गौ सेवकों की इस सराहनीय पहल पर स्थानीय नागरिकों ने उनका आभार व्यक्त करते हुए उनके प्रयासों की प्रशंसा की। गौ सेवकों ने आमजन से अपील की है कि कहीं भी पीड़ित अथवा असहाय गौवंश दिखाई देने पर तत्काल सूचना दें, ताकि समय रहते उनका संरक्षण एवं उपचार सुनिश्चित किया जा सके।