इंदौर। जल संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जन जागरूकता के लिए रविवार को नेहरू स्टेडियम से क्लीन इंदौर सेव वाटर साइक्लोथान हुई। महापौर ने साइकिल चलाकर जल संरक्षण के लिए लोगों को प्रेरित किया और जल संरक्षण की शपथ दिलाई।
महापौर ने कहा आने वाले भविष्य में हमारे बच्चे और उनके बच्चों के लिए पानी बचाने के उद्देश्य से हम लगातार काम कर रहे हैं। इंदौर का भूमि का जल स्तर जो की लगातार कम होता जा रहा है, अगर हम लोग जागरुक नही हुए तो हमारे बच्चे और उनके बच्चों के लिए पानी नहीं रहेगा। इंदौर की जनसंख्या बढ़ रही है, जो जनसंख्या इंदौर की 2030 में अनुमानित थी वह जनसंख्या 2023 में ही बढ़ गई।
जल संरक्षण के लिए हम सभी वाटर हार्वेस्टिंग के घरों पर छोटे-छोटे संयंत्र लगाए, जिससे भूमिगत जल का स्तर बढ़ाया जा सके। इंदौर देश में दूसरे नंबर का महंगा पानी पाने वाला शहर हैं, पहले स्थान पर शिमला है। महापौर ने कहा आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण को देखते हुए इंदौर स्वच्छता के फीडबैक में भी नंबर वन बने इस उद्देश्य से लोगों से अपील की है कि स्वच्छता फीडबैक में अपना सहयोग दे।
जलकार्य प्रभारी अभिषेक शर्मा बबलू ने कहा कि इंदौर में पिछले सालों में जल संरक्षण और भूमिगत जल को बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए हैं, पिछले तीन सालों के अंदर शहर में रिचार्ज सॉफ्ट, रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम के लिए लगातार काम किया है, जिसके तहत लगभग 500 से ज्यादा रिचार्ज सॉफ्ट बनाए, कुएं-बावड़ी, तालाबों के साथ ही तालाबों की चौनल का संरक्षण, गहरीकरण और सफाई का काम किया है।
अपर आयुक्त आशीष पाठक ने बताया कि साइक्लोथान नेहरू स्टेडियम से शुरू होकर अलग-अलग रास्तों से होते हुए वापस नेहरू स्टेडियम पर समाप्त हुई इसमें शहर के युवाओं के साथ, सामाजिक संगठनों व साइक्लिंग प्रेमियों ने हिस्सा लिया।