गुना। जिले के उमरी चौकी क्षेत्र के चीरा घाट स्थित रानी-रुशनी गुफा के समीप जंगल में तेंदुए का शिकार किए जाने की घटना से वन विभाग और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। जंगल में तेंदुए का शव मिलने की सूचना मिलते ही अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, सूचना मिलने पर गुना कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को तत्काल अवगत कराया गया। इसके बाद उमरी चौकी, म्याना थाना पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पाया गया कि अज्ञात शिकारी तेंदुए के चारों पंजे, गर्दन और पूंछ काटकर अपने साथ ले गए हैं। इससे वन्यजीव तस्करी की आशंका भी जताई जा रही है।
वन विभाग ने तेंदुए के शव का पोस्टमार्टम कराकर नियमानुसार अंतिम निस्तारण कराया है। मामले में अज्ञात शिकारियों की तलाश की जा रही है और वन विभाग व पुलिस संयुक्त रूप से जांच में जुटे हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।