झाबुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 31 जुलाई को झाबुआ जिले के थांदला स्थित शासकीय महाविद्यालय कॉलेज ग्राउंड में आयोजित प्रदेश स्तरीय स्व-सहायता समूहों के क्षमतावर्धन एवं ऋण वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री प्रदेशभर के स्व-सहायता समूहों को ₹300 करोड़ के ऋण का वितरण करेंगे। यह पहल महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता, ग्रामीण आजीविका और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों एवं उन्नत कृषकों से संवाद करेंगे। वे किसानों के अनुभव जानेंगे और प्राकृतिक एवं जैविक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी साझा करेंगे।
मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान जिले को विकास कार्यों की बड़ी सौगात भी देंगे। वे ₹174.64 करोड़ की लागत के 29 विकास कार्यों का भूमिपूजन तथा ₹109.17 करोड़ की लागत से पूर्ण हुए 28 विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इन परियोजनाओं से जिले में आधारभूत संरचना एवं जनसुविधाओं को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की योजनाओं के हितग्राहियों को भी लाभान्वित किया जाएगा। मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत जिले के 215 स्व-सहायता समूहों को ₹10.08 करोड़ का ऋण वितरित किया जाएगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना, भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना, टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना तथा पीएमएफएमई योजना के हितग्राहियों को भी लाभ प्रदान किया जाएगा। कक्षा 10वीं और 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, किसानों को हेलमेट वितरण तथा मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना के हितलाभ भी कार्यक्रम के दौरान दिए जाएंगे।
कार्यक्रम स्थल पर आजीविकानो मेला भी आयोजित होगा, जिसमें स्व-सहायता समूहों के उत्पाद, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, जनजातीय परंपराएं, स्थानीय उत्पाद और विभिन्न विभागों की योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। जिला प्रशासन ने कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं और आयोजन को सफल बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।