चित्तौड़गढ़। डीएसटी एवं थाना पारसोली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक ईको कार से 260 किलो 260 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त ईको कार को भी जब्त कर लिया है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रावतभाटा भगवत सिंह हिंगड़ के निर्देशन एवं पुलिस उपाधीक्षक बेगूं अंजलि सिंह के पर्यवेक्षण में थाना पारसोली पुलिस और डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई की।
गश्त के दौरान थाना प्रभारी आशुतोष सिंह मय जाप्ता शिवपुरा पहुंचे, जहां सरकारी स्कूल के समीप खड़ी एक संदिग्ध मारुति ईको कार की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में 260 किलो 260 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम संजय पुत्र छगनलाल धाकड़ (26) निवासी शिवपुरा, थाना पारसोली, जिला चित्तौड़गढ़ होना बताया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध अफीम डोडाचूरा एवं तस्करी में प्रयुक्त ईको कार जब्त कर ली है। आरोपी के विरुद्ध थाना पारसोली में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है।
इस कार्रवाई में थाना पारसोली के थाना प्रभारी आशुतोष सिंह, एएसआई रामदयाल, कांस्टेबल रघुवीर, प्रमोद एवं राजेंद्र तथा डीएसटी टीम के हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार एवं कांस्टेबल रतनसिंह, बलराम, प्रीतम, मनोज, अमित, अजय, शीशराम, बलराम और कमलेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।