शहडोल। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर जोन के डीआरएम राकेश रंजन अपने एक दिवसीय दौरे पर शहडोल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत शहडोल रेलवे स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद उन्होंने पुरानी बस्ती रेलवे फाटक को बंद कर बनाए गए अंडरपास ब्रिज का भी जायजा लिया। स्थानीय लोगों से चर्चा कर अंडरपास से जुड़ी समस्याओं और सुझावों की जानकारी ली तथा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
डीआरएम ने इसके बाद रेलवे कॉलोनी पहुंचकर कर्मचारियों के आवासों का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं का आकलन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने, तय समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने तथा कर्मचारियों की मूलभूत सुविधाओं में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए।