नीमच। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) रविवार को देशभर के साथ नीमच में भी सुव्यवस्थित एवं कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित की जा रही है। शहर में परीक्षा के लिए दो केंद्र- पीजी कॉलेज एवं गर्ल्स कॉलेज- निर्धारित किए गए हैं, जहां परीक्षार्थियों की संख्या के अनुसार सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
दोपहर 2 बजे से शुरू होगी परीक्षा-
परीक्षार्थियों का प्रवेश सुबह 11 बजे से प्रारंभ हुआ, जबकि दोपहर 1.30 बजे के बाद प्रवेश पूर्णतः बंद कर दिया गया। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित समयानुसार आयोजित होगी। समय-पालन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया।
गर्ल्स कॉलेज में 420 छात्राएं शामिल-
गर्ल्स कॉलेज केंद्र पर 420 छात्राओं के परीक्षा में शामिल होने की जानकारी है। दोनों केंद्रों पर परीक्षार्थियों के लिए बैठने, पेयजल एवं अन्य सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई।
त्रिस्तरीय सुरक्षा जांच व्यवस्था-
परीक्षा की पारदर्शिता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए त्रिस्तरीय जांच व्यवस्था लागू की गई है। अभ्यर्थियों की दो बार फ्रिस्किंग के साथ बायोमेट्रिक सत्यापन किया गया। महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग जांच व्यवस्था बनाई गई। कक्ष में प्रवेश के बाद भी अंतिम सत्यापन प्रक्रिया अपनाई गई, जिससे किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना न्यूनतम रहे।
केंद्रों के बाहर भी विशेष इंतजाम-
परीक्षा केंद्रों के बाहर पुलिस, प्रशासन एवं नगर पालिका की संयुक्त निगरानी में व्यापक व्यवस्थाएं की गईं। भीड़ नियंत्रण के साथ परीक्षार्थियों एवं अभिभावकों की सुविधा के लिए पानी, टेंट एवं वेटिंग एरिया में शीतलन की व्यवस्था भी की गई।
सतत निगरानी में परीक्षा संचालन-
स्थानीय स्तर पर परीक्षा संचालन की जिम्मेदारी निर्धारित अधिकारियों द्वारा संभाली गई, जिनके निर्देशन में संपूर्ण प्रक्रिया की लगातार निगरानी की जा रही है।