नरसिंहपुर। जिला मुख्यालय के अष्टांग चिकित्सालय चौराहे पर शराब दुकान खोलने की तैयारी का स्थानीय लोगों ने कड़ा विरोध किया। रविवार को ठेका कर्मी एक दुकान में शराब बिक्री शुरू करने की तैयारी कर रहे थे। इसकी जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में रहवासी मौके पर पहुंच गए और एकजुट होकर विरोध जताया।
व्यस्त इलाके में दुकान पर आपत्ति
रहवासियों का कहना है कि यह चौराहा शहर का बेहद व्यस्त और घनी आबादी वाला क्षेत्र है। यहां कई दुकानें और व्यवसाय चल रहे हैं। साथ ही करीब 100 मीटर के दायरे में स्कूल, मंदिर और साप्ताहिक बाजार भी लगता है, जिससे दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है।
सुरक्षा और माहौल बिगड़ने की चिंता
स्थानीय लोगों का आरोप है कि ऐसे संवेदनशील इलाके में शराब दुकान खोलना नियमों के खिलाफ है। उनका कहना है कि इससे क्षेत्र का माहौल खराब हो सकता है और असामाजिक तत्वों की आवाजाही बढ़ सकती है। खासकर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर उन्होंने चिंता जताई।
प्रशासन से फैसले पर पुनर्विचार की मांग
विरोध कर रहे लोगों ने प्रशासन और आबकारी विभाग से मांग की है कि इस फैसले को तुरंत रद्द किया जाए और दुकान को किसी अन्य स्थान पर शिफ्ट किया जाए।
आंदोलन की चेतावनी
वरिष्ठ अधिवक्ता महेंद्र गोस्वामी, स्थानीय व्यापारी अनुराग सोनी और अजय सोनी समेत कई लोगों ने कहा कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन और प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। फिलहाल इलाके में इस मुद्दे को लेकर तनाव का माहौल बना हुआ है और लोग प्रशासन के कदम का इंतजार कर रहे हैं।