रतलाम। जिला कार्यक्रम अधिकारी रामनिवास बुधौलिया के मार्गदर्शन में 2 मई को कलेक्ट्रेट सभागृह में जिला स्तरीय लाड़ली लक्ष्मी उत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अक्षिता पालीवाल एवं लक्ष्मी खानीवाल को आमंत्रित किया गया, जो स्वयं लाड़ली लक्ष्मी योजना से लाभान्वित बालिकाएं हैं। दोनों ने कक्षा 12वीं में 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर मेरिट सूची में दसवां स्थान हासिल किया है।
कार्यक्रम का शुभारंभ लाड़ली लक्ष्मी बालिकाओं एवं उनकी माताओं द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात सहायक संचालक भारती डांगी ने लाड़ली लक्ष्मी दिवस कार्यक्रम की रूपरेखा से अवगत कराया।
इस दौरान बालिकाओं ने अपने विचार व्यक्त किए। लाड़ली बालिका जाह्नवी बाहेती, भूवी व्यास एवं मनाली आते ने महिला सशक्तिकरण पर गीत प्रस्तुत किया। तत्पश्चात लाड़ली लक्ष्मी बालिकाओं को आश्वासन प्रमाण पत्र प्रदान किए गए तथा कक्षा 12वीं प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण बालिकाओं को शील्ड देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन जाह्नवी बाहेती ने किया तथा आभार प्रदर्शन परियोजना अधिकारी चेतना गहलोत ने व्यक्त किया।
कार्यक्रम में परियोजना अधिकारी अर्चना माहौर, रतलाम शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र की सेक्टर सुपरवाइजर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं लाड़ली बालिकाएं उपस्थित रहीं।