जावद। नयागांव आरटीओ चेकपोस्ट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें बस चालक के साथ मारपीट और अवैध वसूली के आरोप लगाए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस प्रशासन ने इन दावों को भ्रामक बताते हुए घटना का अलग पक्ष सामने रखा है।
वायरल वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि बॉर्डर पर तैनात कुछ निजी कर्मचारियों ने ट्रैवलर बस चालक के साथ मारपीट की। आरोप यह भी लगाया गया कि नियमों की बात करने पर चालक के साथ अभद्रता की गई। घटना के दौरान बस में सवार महिलाओं द्वारा बीच-बचाव करने की बात भी कही जा रही है।
इस संबंध में पुलिस से संपर्क करने पर एएसआई मंगल सिंह राठौड़ ने बताया कि घटना शुक्रवार रात एक आयशर ट्रक और टूरिस्ट बस के बीच हल्की टक्कर से शुरू हुई थी। बैरियर पार करते समय ट्रक का साइड मिरर टूट गया था।
इसके बाद ट्रक चालक ने नुकसान की भरपाई की मांग की, लेकिन बस चालक द्वारा भुगतान से इनकार करने पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। बस में सवार यात्रियों, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं, के कारण कुछ समय के लिए मौके पर हंगामे जैसी स्थिति बनी रही।
पुलिस के अनुसार मामला आपसी विवाद का था, जबकि सोशल मीडिया पर वायरल किए जा रहे मारपीट और वसूली के दावे तथ्यहीन हैं।