मंदसौर। जिले के मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र के नारायणगढ़ थाना अंतर्गत तुर्किया गांव में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भोजन करने के बाद कई लोगों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और परिजनों में चिंता का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कार्यक्रम में शामिल लोगों ने भोजन किया था। इसके कुछ समय बाद 8 से 10 लोगों को उल्टी-दस्त की शिकायत होने लगी। अचानक एक साथ कई लोगों के बीमार पड़ने से मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
बताया जा रहा है कि इनमें से 3 से 4 महिलाओं का उपचार तुर्किया गांव में ही किया जा रहा है, जबकि कुछ अन्य लोगों को बेहतर इलाज के लिए मंदसौर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
फिलहाल सभी मरीजों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है तथा किसी के गंभीर होने की सूचना नहीं है। प्रशासन द्वारा मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।