मंदसौर। राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर ने मंगलवार को मंदसौर रेलवे स्टेशन के बाहर यातायात व्यवस्था का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान स्टेशन के बाहर बढ़ती यातायात समस्या एवं अव्यवस्थित पार्किंग को लेकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों से चर्चा की। इस दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।
सांसद ने स्टेशन मास्टर, रेलवे पुलिस निरीक्षक एवं मंदसौर शहर यातायात प्रभारी को आमजन एवं यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर यातायात संचालन को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि स्टेशन क्षेत्र में सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।