मुरैना। आम लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने मुरैना शहर और अम्बाह बाईपास क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी अवनीश गुप्ता के नेतृत्व में विभिन्न डेयरियों, चिलिंग सेंटर और खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान घी, पनीर, दूध, पेठा और अन्य खाद्य पदार्थों के कुल 8 नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया।
निरीक्षण के दौरान जय मां दुर्गे दुग्ध डेयरी (महाराजपुर रोड) से घी का नमूना, यादव दुग्ध डेयरी (बिजली घर के पास, महाराजपुर रोड) से पनीर का नमूना लिया गया। वहीं गुरु कृपा किराना स्टोर (न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी) से पतंजलि गाय का घी, पारस देसी घी और स्ट्रॉबेरी शरबत के नमूने एकत्र किए गए।
इसके अलावा VRS Foods Limited Chilling Centre (अमित आइस फैक्ट्री, इंडस्ट्रियल एरिया) से मिल्क टैंकर एवं सायलो में रखे मिश्रित दूध का नमूना लिया गया। वहीं श्री बालाजी पेठा भंडार (आजाद नगर, अम्बाह बाईपास रोड) से पेठा का नमूना भी जांच के लिए संग्रहित किया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार सभी नमूनों को सीलबंद कर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेज दिया गया है। प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी भी खाद्य पदार्थ में मिलावट, गुणवत्ता की कमी या निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि जिले में मिलावटखोरी पर रोक लगाने और आम नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। विभाग ने खाद्य कारोबारियों से गुणवत्ता मानकों का पालन करने की अपील की है, वहीं उपभोक्ताओं से भी संदिग्ध खाद्य सामग्री की सूचना विभाग को देने का आग्रह किया है।
मुरैना में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए घी, पनीर, दूध और पेठा समेत 8 खाद्य नमूने जांच के लिए भोपाल प्रयोगशाला भेजे हैं। अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर हैं, जिसके आधार पर दोषी पाए जाने वालों पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।"