नीमच। मुख्य सचिव अशोक कुमार वर्णवाल ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संभागायुक्तों, कलेक्टरों एवं अन्य अधिकारियों को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के प्रभावी संचालन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान आमजन को वांछित सेवाएं समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्वक उपलब्ध कराना सर्वाेच्च प्राथमिकता होगी।
मुख्य सचिव ने बताया कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक शुक्रवार को संभाग एवं जिला स्तर के अधिकारी क्षेत्र का भ्रमण कर शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करेंगे। इस दौरान सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई एवं लोक सेवा गारंटी योजना के तहत लंबित प्रकरणों के निराकरण के साथ ही विकासखंड एवं ग्राम स्तरीय कार्यालयों का निरीक्षण भी किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव एवं विभिन्न विभागों के प्रमुख तथा वरिष्ठ अधिकारी भी समय-समय पर जिलों का भ्रमण कर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान नीमच के एनआईसी कक्ष में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर बीएस कलेश एवं डिप्टी कलेक्टर चंद्र सिंह धार्वे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।