शिवपुरी। जिले के नरवर थाना क्षेत्र के ग्राम डोंगरपुर में पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गाली-गलौज और मारपीट के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम डोंगरपुर निवासी रामेश्वर रावत ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि जब वह अपने पिता करन सिंह रावत और परिजनों के साथ घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान गांव का ही वीकेन्द्र रावत वहां पहुंचा और पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि वीकेन्द्र रावत ने पहले फरियादी के साथ मारपीट की। इसके बाद संतोष रावत, रामकिशन रावत, देवी सिंह रावत और गयावती रावत भी मौके पर पहुंच गए और लाठी-डंडों व लात-घूंसों से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान करन सिंह रावत को धक्का लगने से वह जमीन पर गिर पड़े, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजन घायल करन सिंह को तत्काल नरवर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
मामले में नरवर थाना पुलिस ने फरियादी रमेश्वर रावत की शिकायत पर वीकेन्द्र रावत, संतोष रावत, रामकिशन रावत, देवी सिंह रावत और गयावती रावत के खिलाफ हत्या, गाली-गलौज, मारपीट व अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। वहीं नरवर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।