नीमच। कार्पाेरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) की बैठक सोमवार को कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा (आईएएस) की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2025-26 के कार्यों की समीक्षा की गई तथा वर्ष 2026-27 के प्रस्तावित सीएसआर प्लान पर चर्चा हुई।
कलेक्टर चंद्रा ने मिशन बेंच मार्क के तहत शेष स्कूलों में फर्नीचर उपलब्ध कराने, आंगनवाड़ी केंद्रों के उन्नयन तथा कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने टीबी मरीजों को फूड बास्केट वितरण कार्य की सराहना भी की।
बैठक में सभी सीएसआर इकाइयों द्वारा वर्ष 2025-26 में किए गए कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की गई। उल्लेखनीय कार्यों में शासकीय स्कूलों में फर्नीचर प्रदाय, अल्ट्राटेक सीमेंट खोर द्वारा कौशल विकास केंद्र की स्थापना, टीबी मरीजों के लिए पोषण सुधार हेतु फूड बास्केट वितरण तथा ग्रीन-को द्वारा जिला चिकित्सालय नीमच को टीबी जांच हेतु ट्रू-नॉट मशीन प्रदान करना शामिल रहा।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी सीएसआर इकाइयां उपलब्ध बजट का बेहतर उपयोग संबंधित विभागों से समन्वय कर करें, ताकि कार्यों का दोहराव न हो और संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने आगामी प्राथमिकताओं में मिशन बेंच मार्क के अंतर्गत शेष फर्नीचर प्रदाय, सक्षम आंगनवाड़ी प्रोजेक्ट के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों का उन्नयन, तथा कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को रोजगार से जोड़ने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि सीएसआर मद से बुनियादी ढांचे के कार्यों जैसे सड़क निर्माण, सामुदायिक भवन, स्वास्थ्य केंद्र, आंगनवाड़ी एवं विद्यालय भवन निर्माण को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही दिव्यांगजनों एवं वंचित वर्गों को स्वरोजगार से जोड़ने वाले कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जाए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, डिप्टी कलेक्टर पराग जैन, योगिता भटनागर, महाप्रबंधक उद्योग सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। साथ ही अल्ट्राटेक सीमेंट खोर, अडानी विल्मार भाटखेड़ा, धानुका ग्रुप नीमच, एमएस सोलवेक्स जमुनियाखुर्द, ग्रीन-को प्रा. लि., टाटा सोलर पावर प्रा. लि. सहित सभी सीएसआर इकाइयों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।