नीमच। जिले के ग्राम सावन के दो किसानों ने अपनी पुश्तैनी पट्टे की भूमि पर अवैध कब्जा, जबरन तालाब खुदाई और मिट्टी के अवैध विक्रय के आरोप लगाते हुए कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में आवेदन सौंपकर न्याय की मांग की है।
प्रार्थी जेतराम पिता देवाजी एवं प्रकाश पिता स्व. मूलचंद के अनुसार वर्ष 2002 में उन्हें शासन द्वारा कुल 1 हेक्टेयर भूमि का पट्टा प्रदान किया गया था, जिस पर वे लंबे समय से खेती कर रहे थे। किसानों ने बताया कि कुछ समय पूर्व उन्होंने उक्त भूमि ग्राम के ही बगदीराम गुर्जर को अधबटाई पर दी थी। बगदीराम की मृत्यु के बाद उसका पुत्र गोविंद उर्फ पियुष हिस्सा देने से मुकर गया और भूमि पर कब्जा कर लिया।
पीड़ितों ने आरोप लगाया कि गोविंद अपने काका राहुल गुर्जर, जो मध्यप्रदेश पुलिस में हवलदार हैं, के प्रभाव का भय दिखाकर उन्हें धमकाता है। वर्तमान में उनकी भूमि पर जबरन तालाब की खुदाई कराई जा रही है तथा खुदाई से निकली मिट्टी का अवैध रूप से विक्रय किया जा रहा है।
किसानों का कहना है कि विरोध करने पर उनके साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। मामले की शिकायत पटवारी को भी की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़ित किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि उनकी भूमि से अवैध कब्जा हटवाया जाए, खुदाई कार्य पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।