सेंधवा के समीप सोलवन क्षेत्र में एक अनोखा हादसा सामने आया। बाजार से घर लौट रहे 60 वर्षीय राजाराम नामदेव वाकड़े उस समय हादसे का शिकार हो गए, जब वे एक पेड़ के नीचे से गुजर रहे थे। इसी दौरान तेज हवा के चलते पेड़ की एक डाली अचानक टूटकर गिर गई।
बताया जा रहा है कि उस डाली पर मधुमक्खियों का छत्ता लगा हुआ था। डाली गिरते ही छत्ता टूट गया और मधुमक्खियां भड़क उठीं। गुस्साई मधुमक्खियों ने बुजुर्ग पर हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए।
घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल निजी वाहन से सेंधवा के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल डॉक्टरों के अनुसार घायल की हालत स्थिर बनी हुई है।