चित्तौड़गढ़। राजस्थान सरकार द्वारा कृषक, पशुपालकों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लिए संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से ग्राम रथ अभियान के तहत ग्राम पंचायत सहनवा में एलईडी वैन के माध्यम से विभिन्न विभागीय योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया।
इसी अभियान के दौरान ग्राम सहनवा निवासी किसान सुरेश पुत्र बालूराम जाट को कृषि विभाग की कृषि यंत्र अनुदान योजना की जानकारी प्राप्त हुई। सुरेश पहले पारंपरिक तरीके से खेती करते थे, जिसमें खेत की जुताई में अधिक समय, डीजल और मजदूरी का खर्च लगता था। कई बार समय पर खेत तैयार नहीं होने से बुवाई में देरी होती थी, जिससे उत्पादन प्रभावित होता था।
कृषि पर्यवेक्षक पार्वती वैष्णव के मार्गदर्शन में सुरेश ने कृषि यंत्र अनुदान योजना के तहत आवेदन किया। आवश्यक दस्तावेज तैयार कर प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्होंने रोटावेटर खरीदा। भौतिक सत्यापन उपरांत उनके खाते में 47,500 रुपए का अनुदान प्राप्त हुआ।
रोटावेटर के उपयोग से अब सुरेश कम समय में खेत की बेहतर जुताई कर पा रहे हैं। मिट्टी भुरभुरी बनने से नमी लंबे समय तक बनी रहती है, जिससे फसल की बढ़वार बेहतर हुई है। साथ ही डीजल और मजदूरी का खर्च भी कम हुआ है तथा समय पर बुवाई होने से उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
आज सुरेश आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर अच्छी आय अर्जित कर रहे हैं और आसपास के किसानों के लिए प्रेरणा स्रोत बन गए हैं। उन्होंने इस सफलता के लिए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।