प्रतापगढ़। प्रतापगढ़ जिले के धौलापानी थाना प्रभारी प्रवीण कुमार चारण को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिश्वत राशि के साथ डिटेन किया है। एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर डूंगरपुर एसीबी इकाई ने यह कार्रवाई की। आरोपी पुलिस निरीक्षक के पास से 2 लाख 87 हजार 150 की रिश्वत राशि बरामद की गई है। कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
बलात्कार प्रकरण में मदद के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप
एसीबी महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता ने बताया कि ब्यूरो को शिकायत मिली थी कि धौलापानी थाने में दर्ज बलात्कार प्रकरण में मदद करने, मारपीट नहीं करने तथा परिवादी के पिता को मामले में नहीं फंसाने की एवज में रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी उदयपुर रेंज के उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरवीजन में डूंगरपुर एसीबी टीम ने डिप्टी रत्नसिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया।
टोल नाके पर पकड़ा गया आरोपी
जानकारी के अनुसार आरोपी प्रवीण कुमार चारण रिश्वत राशि परिवादी के परिचित से लेकर निजी वाहन में यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान निम्बाहेड़ा हाईवे स्थित नरसिंहपुरा टोल नाके पर वाहन को रुकवाकर आकस्मिक जांच की गई।
जांच के दौरान वाहन से 2 लाख 87 हजार 150 की राशि बरामद हुई। राशि के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं देने पर एसीबी टीम ने आरोपी पुलिस निरीक्षक को डिटेन कर लिया।
सरकारी क्वार्टर से भी नकदी बरामद
इसके बाद एसीबी टीम ने धौलापानी स्थित सरकारी क्वार्टर की तलाशी ली, जहां से 87 हजार 900 की अतिरिक्त राशि बरामद की गई।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव के सुपरवीजन में आरोपी से पूछताछ जारी है। ब्यूरो द्वारा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।