बड़वानी। समाज को नशे के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चलाए गए श्नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0श् अभियान ने बड़वानी पुलिस को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है। जिलेभर में विद्यार्थियों और आमजन की व्यापक भागीदारी से संचालित इस अभियान को वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में स्थान मिला है। मंगलवार को बावनगजा में आयोजित समारोह में पुलिस विभाग को इसका आधिकारिक प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया।
अभियान के तहत जिले के स्कूलों और कॉलेजों के हजारों विद्यार्थियों ने नशे के खिलाफ पोस्टर, पेंटिंग और जनजागरूकता संदेश तैयार कर अपनी रचनात्मक भागीदारी निभाई। बड़ी संख्या में युवाओं ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प भी लिया, जिससे यह अभियान जनआंदोलन का स्वरूप लेने में सफल रहा।
पुलिस ने अभियान को केवल शैक्षणिक संस्थानों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि गांव-गांव और शहरों में जागरूकता रैलियां, नुक्कड़ प्रस्तुतियां, संवाद कार्यक्रम और शपथ अभियान आयोजित किए। अधिकारियों ने लोगों को नशे से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए इससे दूर रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने कहा कि यह सम्मान केवल पुलिस विभाग का नहीं, बल्कि पूरे बड़वानी जिले के नागरिकों, विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभियान से जुड़े सभी लोगों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि वर्ल्ड रिकॉर्ड एक उपलब्धि जरूर है, लेकिन अभियान का वास्तविक उद्देश्य समाज में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाना और आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित भविष्य देना है।
उन्होंने यह भी कहा कि नशामुक्ति को लेकर जागरूकता का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इससे जुड़कर स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी निभा सकें।