नीमच। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम, नीमच में आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई, शिकायत निवारण एवं सीएम हेल्पलाइन शिविर में आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं निष्पक्ष निराकरण के निर्देश दिए। शिविर के दौरान सीएम हेल्पलाइन की 17 शिकायतों का संतोषजनक निराकरण कर उनका निराकरण दर्ज किया गया, जबकि लगभग 87 आवेदकों की शिकायतों के शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक, उज्जैन जोन, उज्जैन के निर्देशानुसार जोन के सभी जिलों में लंबित सीएम हेल्पलाइन एवं जन शिकायतों के निराकरण हेतु प्रत्येक मंगलवार को जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं शिकायत निवारण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के नेतृत्व में जनसुनवाई एवं सीएम हेल्पलाइन शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर के दौरान फरियादियों ने भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई से जुड़े प्रकरणों सहित विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। पुलिस अधीक्षक व्यास ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को उनका समयबद्ध एवं नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को थाना स्तर पर भी नियमित रूप से जन शिकायत निवारण शिविर आयोजित करने तथा आवेदनों के निष्पक्ष समाधान पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
शिविर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस जावद हर्ष राठौर, उप पुलिस अधीक्षक महिला सुरक्षा निकिता सिंह सहित जिले के सभी थाना प्रभारी एवं संबंधित शाखाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।