शाजापुर। विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय वायरल हेपेटाइटिस नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जिला चिकित्सालय शाजापुर के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा जिला जेल शाजापुर में विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 102 बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर विभिन्न रोगों की जांच की गई।
स्वास्थ्य शिविर के दौरान बंदियों की एचआईवी, सिफिलिस, हेपेटाइटिस-बी एवं सी, गैर-संचारी रोग (एनसीडी), रक्तचाप (बीपी) तथा रक्त शर्करा (शुगर) की जांच की गई। साथ ही चिकित्सकों ने उन्हें वायरल हेपेटाइटिस के कारणों, लक्षणों, बचाव के उपायों तथा समय पर जांच एवं उपचार के महत्व के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
शिविर का मुख्य उद्देश्य बंदियों के स्वास्थ्य संरक्षण, संक्रामक रोगों की समय पर पहचान तथा आवश्यक उपचार सुनिश्चित कर स्वस्थ एवं सुरक्षित कारागार वातावरण का निर्माण करना रहा।
कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए जिला जेल प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक दल को आवश्यक सहयोग एवं व्यवस्थाएं उपलब्ध कराईं। इस अवसर पर जेल अधीक्षक श्री दुष्यंत कुमार पगारे सहित समस्त जेल स्टाफ उपस्थित रहा।