नीमच। मजदूरी मांगने पर श्रमिक के साथ मारपीट किए जाने के चर्चित मामले में थाना जावद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। न्यायालय के आदेश पर तीनों आरोपियों को 5 अगस्त 2026 तक उपजेल जावद भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई 2026 को समाचार पत्रों में प्रकाशित श्रमिक के साथ मारपीट के प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों में हरिश पिता गणपत जाट (30) निवासी खड़ावदा, थाना जावद, अशोक पिता भेरूलाल जाट (40) निवासी नवेलिया तथा पप्पू पिता विकास उर्फ नंदकिशोर बेरागी (33) निवासी रूपपुरा शामिल हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के अंतर्गत न्यायालय अनुविभागीय दण्डाधिकारी, उपखंड जावद के समक्ष प्रस्तुत किया। न्यायालय में आरोपियों की ओर से सक्षम जमानतदार प्रस्तुत नहीं किए जाने पर उन्हें 5 अगस्त 2026 तक उपजेल जावद भेजने के आदेश दिए गए। थाना जावद पुलिस द्वारा प्रकरण में नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।