मंदसौर। आमजन की शिकायतों के त्वरित, निष्पक्ष एवं विधिसंगत निराकरण के उद्देश्य से जिला पुलिस कंट्रोल रूम मंदसौर में मंगलवार को जनसुनवाई शिविर का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा ने स्वयं 48 आवेदकों की शिकायतें सुनकर संबंधित थाना एवं चौकी प्रभारियों को उनके शीघ्र एवं वैधानिक निराकरण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टीएस बघेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामस्नेही मिश्रा, नगर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र भास्कर, एसडीओपी सीतामऊ दिनेश प्रजापति, थाना प्रभारी कोतवाली पुष्पेंद्र सिंह राठौर एवं थाना प्रभारी नई आबादी कुलदीप सिंह राठौड़ भी उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक मीणा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की शिकायतों पर संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ त्वरित और विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जनसुनवाई में प्राप्त सभी आवेदनों का परीक्षण कर संबंधित थाना एवं चौकी प्रभारियों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए तत्काल निर्देश जारी किए गए।
पुलिस प्रशासन ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित कर पुलिस और जनता के बीच विश्वास को और सुदृढ़ बनाना है।