नीमच। नीमच के राजस्व कॉलोनी स्थित मकान में हुई चोरी की सनसनीखेज वारदात का पुलिस थाना नीमच केंट ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 5 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण बरामद किए हैं। वहीं, मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की।
19 जुलाई 2026 को फरियादी प्रमिला चौहान ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात बदमाश देर रात घर की खिड़की की ग्रिल खोलकर भीतर घुस गए और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात, नगदी एवं अन्य सामान चोरी कर ले गए। घटना के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
अनुसंधान के दौरान पुलिस ने घटनास्थल एवं आसपास के लगभग 100 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साइबर सेल की तकनीकी सहायता एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी राजा पारदी, सोनी पारदी एवं गजेन्द्र पारदी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने उनके हिस्से में आए चोरी के सोने के दो मंगलसूत्र पेंडल, 18 सोने के मोती, तीन सोने की अंगूठियां एवं एक सोने का ताबीज बरामद किया है, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये है। शेष चोरी गया मशरूका फरार आरोपियों के कब्जे में होना बताया गया है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने फरवरी माह में गायत्री मंदिर रोड स्थित एक स्पोर्ट्स दुकान में चोरी तथा 1 जून को केनरा बैंक के समीप एक मकान से 30 हजार रुपये नकद चोरी करने की वारदात भी कबूल की है। इन दोनों मामलों में भी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी दिन में शहर में घूमकर सूने मकानों की रेकी करते थे। स्थान तय होने के बाद अपने अन्य साथियों को बुलाकर वारदात को अंजाम देते थे। सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए आरोपी अपने चेहरे को कपड़ों से ढंक लेते थे तथा सुनसान गलियों का इस्तेमाल करते थे।
मामले में फरार आरोपियों की तलाश जारी है तथा शेष चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।