शाजापुर। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शाजापुर आनंद कुमार तिवारी के मार्गदर्शन एवं सचिव नमिता बौरासी के नेतृत्व में वन स्टॉप सेंटर शाजापुर में विधिक जागरूकता एवं निःशुल्क विधिक सहायता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में जिला विधिक सहायता अधिकारी शिखा शर्मा ने सहभागिता करते हुए राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (सालसा) द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत के संबंध में भी उपस्थितजनों को अवगत कराया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, मध्यस्थता, महिलाओं एवं बच्चों के विधिक अधिकार, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, साइबर अपराधों से बचाव, मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण, घरेलू हिंसा से संरक्षण तथा श्रम कानूनों सहित विभिन्न विधिक विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
शिविर में बताया गया कि निर्धारित पात्रता रखने वाले आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। साथ ही उपस्थितजनों की विधिक जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए आवश्यकता पड़ने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर विधिक जागरूकता संबंधी प्रचार-प्रसार सामग्री का वितरण भी किया गया तथा समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों तक विधिक सेवाओं की जानकारी पहुंचाने का आह्वान किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, शाजापुर ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की विधिक समस्या अथवा निःशुल्क विधिक सहायता की आवश्यकता होने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क कर शासन द्वारा प्रदत्त विधिक सेवाओं का लाभ अवश्य प्राप्त करें।