गरोठ। देवास जिले के मक्सी रोड स्थित ग्राम टोंक कला में बारूद कंपनी में हुए ब्लास्ट की घटना के बाद गरोठ-भानपुरा क्षेत्र में प्रशासन सतर्क हो गया है। हादसे को देखते हुए क्षेत्र के पटाखा गोदामों की सघन जांच की जा रही है।
इसी क्रम में एसडीएम राहुल चौहान ने भानपुरा क्षेत्र के ग्राम खेरखेड़ी स्थित पटाखा गोदाम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा मानकों, लाइसेंस, भंडारण व्यवस्था और फायर सेफ्टी उपकरणों की जांच की।
एसडीएम चौहान ने गोदाम संचालक को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सुरक्षा नियमों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने समय-समय पर फायर सेफ्टी ऑडिट कराने और तय मानकों के अनुसार ही बारूद व पटाखों का भंडारण करने के निर्देश दिए।
प्रशासन द्वारा क्षेत्र के अन्य पटाखा गोदामों और फैक्ट्रियों की भी जांच की जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।