देवास। जिले के बीएनपी थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां करीब 40 दूल्हे अपनी-अपनी बारात लेकर शादी करने पहुंचे, लेकिन वहां ना कोई मंडप सजा मिला और ना ही दुल्हन नजर आई। पूरा मामला शादी के नाम पर संगठित ठगी का निकला।
जानकारी के मुताबिक, भोपाल के आसपास विदिशा, श्यामपुर और शाजापुर क्षेत्र के युवकों को मोबाइल के जरिए अनाथ लड़कियों से शादी कराने का लालच दिया गया। ठगों ने बाकायदा लड़कियों की फोटो भेजी और शादी पक्की करने के नाम पर 15 से 25 हजार रुपए तक वसूले।
इतना ही नहीं, सभी को सामूहिक विवाह का झांसा देकर देवास बुलाया गया। कुछ लोगों को माता टेकरी पर फूल-माला कार्यक्रम की बात कही गई। दूर-दराज से आए दूल्हे सुबह से लेकर रात तक इंतजार करते रहे, लेकिन शादी कराने वाले लोग टालमटोल करते रहे।
जैसे-जैसे रात बढ़ी, लोगों को समझ आ गया कि उनके साथ बड़ी धोखाधड़ी हो चुकी है। सूचना मिलने पर बीएनपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ितों के साथ संदिग्धों को थाने ले जाकर जांच शुरू की।
पीड़ित दूल्हों और उनके परिजनों का कहना है कि उन्होंने पूरे परिवार में शादी की तैयारियां कर रखी थीं, लेकिन ठगों ने उनके भरोसे और भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया।
सुबह से रात तक बैठाए रखा३ ना मंडप, ना दुल्हन सिर्फ ठगी का जाल! पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुटी है और ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करने की कोशिश कर रही है।