देवास। हाटपिपल्या क्षेत्र में लगातार हो रही रात्रिकालीन बिजली कटौती और बढ़ते बिलों से ग्रामीणों में आक्रोश है। सोमवार को युवा कांग्रेस ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर समस्या के समाधान की मांग की।
अध्यक्ष प्रशांत सिंह चौहान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बताया कि बिना सूचना रात में बिजली बंद होने से आमजन व विद्यार्थियों को परेशानी हो रही है। साथ ही कई उपभोक्ताओं को अधिक बिल मिलने से नाराजगी बढ़ रही है।
ग्रामीण जिला अध्यक्ष मनीष चौधरी ने आरोप लगाया कि विभाग बिल न भरने पर गरीब किसानों के घरों से टीवी, गाड़ियां व अन्य सामान तक जब्त कर लेता है, लेकिन बिजली कटौती पर कोई जवाब नहीं देता।
युवा कांग्रेस ने मांग की है कि अनावश्यक कटौती बंद हो, पूर्व सूचना दी जाए और गलत बिलों में सुधार किया जाए। चेतावनी दी गई कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।