खरगोन। सकल जैन समाज ने सोमवार को खरगोन में विहाररत जैन साधु-संतों की सुरक्षा को लेकर एक विशाल मौन रैली निकाली। यह रैली श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर, टैगोर पार्क कॉलोनी से शुरू होकर एसडीएम कार्यालय पहुंची। यहां समाजजनों ने तहसीलदार को एक ज्ञापन सौंपा। रैली में महिलाओं ने केसरिया और पुरुषों ने सफेद वस्त्र धारण कर शांतिपूर्ण तरीके से सहभागिता की। समाजजनों ने हाल ही आर्यिका के साथ हुई दुखद दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की। ज्ञापन में जैन साधु-संतों की सुरक्षा के लिए कई महत्त्वपूर्ण बिंदु उठाए गए। इनमें विशेष सुरक्षा व्यवस्था, विहार मार्गों पर प्रशासनिक समन्वय, संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस सहयोग, ट्रैफिक नियंत्रण और चेतावनी संकेतक लगाने की मांग शामिल थी। इसके साथ ही, समाज ने ष्संत सुरक्षा प्रोटोकॉल और ष्संत सुरक्षा समन्वय सेल गठित करने का भी आग्रह किया। सकल जैन समाज ने अपने बयान में कहा कि जैन साधु-संत पूर्णतः अहिंसक होते हैं और वे पैदल विहार करने वाले तपस्वी हैं। इसलिए, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की एक महत्त्वपूर्ण जिम्मेदारी है।