मंदसौर। कलेक्टर अदिति गर्ग की अध्यक्षता में सुशासन भवन में बाढ़ नियंत्रण संबंधी बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर एकता जायसवाल सहित संबंधित विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान कलेक्टर गर्ग ने निर्देश दिए कि जिले में बाढ़ नियंत्रण हेतु कंट्रोल रूम स्थापित किया जाए तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्व से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने भानपुरा क्षेत्र में बाढ़ से बचाव के लिए एक स्थायी टीम तैनात रखने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने खनिज विभाग को निर्देशित किया कि पुरानी खदानों का चिन्हांकन कर रेवेन्यू एवं होमगार्ड विभाग के साथ संयुक्त रूप से उनका निरीक्षण किया जाए तथा खदान स्थलों पर चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं।
उन्होंने जिले की सभी छोटी पुल-पुलियाओं पर सुरक्षा की दृष्टि से रेलिंग लगाने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग को सभी स्कूल भवनों का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य वर्षा ऋतु से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही सभी एसडीएम को पुराने एवं जर्जर भवनों का चिन्हांकन कर संबंधित भवन स्वामियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
परिवहन विभाग को निर्देशित किया गया कि सभी बसों के परमिट एवं फिटनेस की वर्षा पूर्व जांच सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से यह ध्यान रखने को कहा गया कि वर्षा के दौरान बच्चों से भरी बसें पुल-पुलियाओं को पार न करें।