नीमच। सरवानिया महाराज में शासकीय भूमि पर कथित अतिक्रमण को लेकर नगरवासियों ने मंगलवार जनसुनवाई में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। नागरिकों ने आरोप लगाया कि लासूर चौराहे के पास श्री काल भैरव मुक्तिधाम के निकट स्थित सर्वे नंबर 1074 मीन-1 रकबा 0.543 हेक्टेयर भूमि पर धीरे-धीरे कब्जा किया जा रहा है।
नगरवासियों के अनुसार उक्त भूमि का उपयोग वर्षों से शिशु श्मशान के रूप में किया जाता रहा है। हालांकि राजस्व रिकॉर्ड में यह भूमि मृत पशुओं के चमड़ा निकालने हेतु दर्ज है, लेकिन स्थानीय लोग लंबे समय से इसे बच्चों के अंतिम संस्कार स्थल के रूप में उपयोग करते आ रहे हैं।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि हाल ही में एक व्यक्ति द्वारा मवेशी बांधने के नाम पर वहां अस्थायी झोपड़ीनुमा निर्माण कर अतिक्रमण किया जा रहा है। नागरिकों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में श्मशान भूमि पर स्थायी कब्जे की स्थिति बन सकती है।
नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की कि संबंधित भूमि को तत्काल अतिक्रमण मुक्त करवाकर शिशु श्मशान के लिए सुरक्षित एवं आरक्षित किया जाए, ताकि जनभावनाओं से जुड़ी इस सार्वजनिक उपयोग की भूमि का संरक्षण किया जा सके।