नीमच। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक, उज्जैन जोन के निर्देशानुसार मंगलवार को पुलिस कन्ट्रोल रूम स्थित सभाकक्ष में जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं सीएम हेल्पलाइन शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का आयोजन पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के नेतृत्व में किया गया, जिसमें सीएम हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई से संबंधित लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान लेवल-1, लेवल-2 एवं लेवल-3 की कुल 13 शिकायतों का मौके पर संतुष्टिपूर्वक निराकरण कर उन्हें बंद किया गया।
शिविर में लगभग 57 आवेदकों ने अपनी शिकायतें एवं समस्याएं एसपी व्यास के समक्ष प्रस्तुत कीं। एसपी व्यास ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को समय-सीमा में निष्पक्ष एवं त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई से जुड़े प्रकरणों तथा सामाजिक सुरक्षा से संबंधित मामलों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए।
शिविर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया, नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, एसडीओपी जावद रोहित राठौर, एसडीओपी मनासा निकिता सिंह सहित जिले के समस्त थाना/चौकी प्रभारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में फरियादियों की समस्याओं के समाधान हेतु सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।