नीमच। 8वें पोषण पखवाड़े में जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मध्यप्रदेश में द्वितीय तथा उज्जैन संभाग में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। राज्य स्तर की रिपोर्ट में इसकी पुष्टि की गई है।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अमन वैष्णव की निगरानी में यह अभियान सफलतापूर्वक संचालित हुआ। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास अंकिता पंड्या ने बताया कि पखवाड़े की थीम “जीवन के पहले छह वर्षों में मस्तिष्क का अधिकतम विकास” रही, जिसके अंतर्गत जन-जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की गईं।
अभियान के दौरान गर्भवती महिलाओं की देखभाल, 0 से 6 वर्ष के बच्चों के पोषण एवं विकास, खेल आधारित शिक्षा, स्क्रीन टाइम में कमी तथा आंगनवाड़ी सशक्तिकरण पर विशेष फोकस किया गया।
रैलियों, कार्यशालाओं और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से पोषण पखवाड़े को जन-आंदोलन का स्वरूप दिया गया। सभी गतिविधियों का समय पर पोषण अभियान डैशबोर्ड पर पंजीयन किया गया।