रतलाम। कलेक्टर मिशा सिंह के निर्देशानुसार लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार निरीक्षण एवं भ्रमण किया जा रहा है। इसी क्रम में पिपलोदा विकासखंड की ग्राम पंचायत हतनारा में जल चौपाल आयोजित कर पेयजल व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
जल चौपाल के दौरान सहायक यंत्री इरफान अली, उपयंत्री जिग्नेश बामनिया एवं विभागीय अमले ने ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर गांव के पेयजल स्रोतों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण में पाया गया कि ग्राम हतनारा की लगभग 4700 आबादी के लिए तीन नलकूप आधारित नलजल योजनाएं संचालित हैं। दो नलकूपों की जल क्षमता कम होने से जल प्रदाय प्रभावित हो रहा था। समस्या के समाधान हेतु एक निजी नलकूप को योजना से जोड़कर ग्रामीणों को दो दिन छोड़कर पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही दो अन्य निजी नलकूप भी चिन्हित किए गए हैं।
ग्राम पंचायत को पानी की गुणवत्ता जांच के लिए फील्ड टेस्ट किट (एफटीके) भी प्रदान की गई, जिससे ग्रामीण स्तर पर जल गुणवत्ता की जांच की जा सके।